बलौदाबाजार… सुबह 4 बजे डेरे से गांवों में सप्लाई, सोनाखान में आबकारी टीम पर पथराव के बाद भी नहीं थमा अवैध धंधा, सामाजिक माहौल बिगड़ने से ग्रामीणों में आक्रोश…. SP भावना गुप्ता पर ग्रामीणों को भरोसा

बलौदाबाजार। कसडोल और गिधौरी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। तड़के सुबह करीब 4 बजे ही गांवों में कच्ची महुआ शराब के डेरे से बड़े पैमाने पर माल सप्लाई किया जा रहा है। आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन की कार्रवाई भी नाकाफी साबित हो रही है।

हाल ही में सोनाखान में शराब पकड़ने गई आबकारी विभाग की टीम पर आरोपियों ने पथराव कर दिया था। इस घटना में सहायक आबकारी अधिकारी और टीम के सदस्य बाल-बाल बचे थे। इसके बावजूद अवैध कारोबार पर रोक लगने के बजाय यह और तेज हो गया है।

सूत्रों के अनुसार, कसडोल क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों में पहले ही अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद हो चुकी है। लेकिन अब भी कई गांवों में यह धंधा खुलेआम चल रहा है। सुबह-सुबह गांव-गांव शराब पहुंचाई जाती है और बेधड़क बेची जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब ने गांवों का सामाजिक माहौल बिगाड़ दिया है। आए दिन झगड़े, अपराध और सामाजिक बुराइयां बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब कारोबार पर कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

गौरतलब है कि हाल ही में जिले की एसपी भावना गुप्ता ने महिला कमांडो की बैठक लेकर रणनीति तैयार की थी। लोगों को एसपी की कार्यशैली पर भरोसा है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब का यह कारोबार क्यों थम नहीं रहा?

👉 ग्रामीण अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन कड़ी कार्रवाई कर इस जहर के फैलाव पर जल्द रोक लगाएगा।