जापान दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी ने देखा बुलेट ट्रेन का एडवांस E10 कोच, भारत-जापान रिश्तों में नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जापान दौरे के दूसरे दिन शनिवार को मियागी प्रांत के सेंडाई पहुंचे, जहां उन्होंने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन के एडवांस E10 कोच का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने बुलेट ट्रेन में सफर भी किया और इसकी अत्याधुनिक तकनीक को करीब से देखा।

विशेष बात यह रही कि यात्रा के दौरान जापानी प्रधानमंत्री इशिबा ने भारत के उन लोको पायलटों से भी मुलाकात की, जो फिलहाल जापान के ईस्टर्न रेलवे में ट्रेनिंग ले रहे हैं। यही प्रशिक्षित लोको पायलट आने वाले समय में भारत में बुलेट ट्रेन परियोजना को गति देंगे।

इससे पहले शुक्रवार को पीएम मोदी ने 15वें भारत-जापान समिट में हिस्सा लिया। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच 150 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। जापानी प्रधानमंत्री ने भारत में अगले 10 साल में 6 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान भी किया।

जापान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी रविवार को चीन रवाना होंगे। वहां वे शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) समिट में शामिल होंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी तय है।