180 यात्रियों की सांसें अटकीं, इंडिगो फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी

इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में शुक्रवार देर रात तकनीकी खराबी सामने आई। फ्लाइट संख्या 6E-1403 कोच्चि से अबू धाबी के लिए रवाना हुई थी, लेकिन समस्या का पता चलते ही उसे सुरक्षित रूप से वापस कोच्चि एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।

जानकारी के मुताबिक विमान में 180 से ज्यादा यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। यह फ्लाइट शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे कोच्चि से रवाना हुई थी और लगभग दो घंटे तक हवा में रहने के बाद तकनीकी खराबी का पता चला। इसके बाद पायलटों ने एहतियातन विमान को मोड़ते हुए शनिवार तड़के 1:44 बजे कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई।

एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया, “6 सितंबर 2025 को कोच्चि से अबू धाबी के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट 6E-1403 में तकनीकी समस्या का पता चला। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को कोच्चि वापस मोड़ा गया और उसे सुरक्षित उतार लिया गया।”

खबर है कि ड्यूटी आवर्स पूरे होने की वजह से क्रू मेंबर भी बदले गए। यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया और उसके बाद उन्हें दूसरी फ्लाइट से रात 3:30 बजे अबू धाबी रवाना किया गया। इंडिगो ने बताया कि खराबी वाले विमान को फिलहाल मेंटेनेंस जांच के लिए भेजा गया है।