हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। टाटा-18184 सुपरफास्ट ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना जामताड़ा जिले के कालाझरिया रेलवे ट्रैक के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोगी से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग ट्रेन से कूदने लगे।
लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 45 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। इस दौरान रेलवे स्टाफ ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आग बोगी के अंडर-गियर से निकली चिंगारी के कारण लगी। जामताड़ा स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन की पूरी जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और आगे यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
