देशभर में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत, छत्तीसगढ़ के मंदिरों में भक्तों का उमड़ा सैलाब

रायपुर, 22 सितंबर 2025। सोमवार से देशभर में शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। देवी मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। छत्तीसगढ़ के प्रमुख देवी मंदिरों में इस मौके पर विशेष सजावट की गई है। लाइट, रंग-बिरंगे फूलों और आभूषणों से मंदिर प्रांगण आकर्षक नजर आ रहे हैं।

दंतेवाड़ा – मां दंतेश्वरी

दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी माई की पहली झलक सामने आई है। आज मां को स्वर्ण आभूषण पहनाए गए। सुबह डिप्टी CM अरुण साव ने भी माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

डोंगरगढ़ – मां बम्लेश्वरी

डोंगरगढ़ के प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में ब्रम्ह मुहूर्त में मां की भव्य आरती हुई। यहां पूरे नवरात्रि 9 दिनों तक सुबह-शाम 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।

रायपुर – महामाया देवी मंदिर

राजधानी रायपुर के प्राचीन महामाया देवी मंदिर में मां को सोने के आभूषण और करधनी पहनाई गई है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर को विशेष लाइटिंग और फूलों से सजाया गया है।

बिलासपुर – शक्तिपीठ महामाया

बिलासपुर की शक्तिपीठ मां महामाया देवी को सोमवार को सोलह शृंगार किया गया। खास बात यह है कि अब नवमी तक माता के वस्त्र नहीं बदले जाएंगे। रात 12 बजे तक मंदिर के पट भक्तों के लिए खुले रहेंगे, वहीं सप्तमी के दिन 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था रहेगी।