JNU के स्टूडेंट यूनियन इलेक्शन के लिए वोटिंग आज सुबह 9 बजे शुरू हो चुकी है। फिलहाल, दोपहर 1 बजे से 2.30 बजे तक ब्रेक लिया गया है। वोटिंग शाम के 5.30 बजे तक चलेगी और रात 9 बजे से काउंटिंग शुरू की जाएगी। इसके बाद 6 नवंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी।
सुबह से ही पोलिंग बूथ्स के बाहर स्टूडेंट्स की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं। मौके पर सभी पार्टी से जुड़े लोग भी मौजूद हैं जो स्टूडेंट्स से उनके फेवर में वोट डालने की अपील कर रहे हैं।
इस बार लेफ्ट की तीन पार्टियों SFI, AISA और DSF ने मिलकर लेफ्ट अलायंस बनाया है। लेफ्ट अलायंस की ओर से अदिति मिश्रा प्रेजिडेंट पद के लिए, किजाकूत गोपिका बाबू वाइस-प्रेजिडेंट के पद के लिए, सुनील यादव जनरल सेक्रेटरी और दानिश अली जॉइंट सेक्रेटरी के पद के लिए चुनाव में खड़े हैं।
वहीं ABVP की ओर से विकास पटेल, तान्या कुमारी, राजेश्वर कान्त दुबे और अनुज चुनावी मैदान में हैं। NSUI की तरफ से विकास बिश्नोई, शेख शाहनवाज आलम, प्रीति मलिक और कुलदीप ओझा JNUSU के लिए खड़े हुए हैं।
इलेक्शन कमेटी ने कहा कि इस साल 9,043 स्टूडेंट्स वोट डालने के लिए एलिजिबल हैं।
पिछले साल AISA के नीतीश कुमार प्रेजिडेंट के पद पर इलेक्शन जीते थे। ABVP के वैभव मीणा ने जॉइन सेक्रेटरी का पद हासिल किया था। JNU में करीब 10 साल बाद ABVP के किसी कैंडिडेट को जीत मिली थी।
