गरियाबंद में 37 लाख के इनामी 7 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, हथियार डालकर कहा- अब घर लौटना चाहते हैं

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद-धमतरी-नुआपाड़ा डिवीजन में बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां उदंती एरिया कमेटी के 7 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से कई पर भारी इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, इन सभी नक्सलियों पर कुल 37 लाख रुपए का इनाम था।

आत्मसमर्पण करने वालों में उदंती एरिया कमांडर सुनील और सचिव एरिना शामिल हैं, जिन पर 8-8 लाख रुपए का इनाम था। इनके साथ कमेटी सदस्य लुद्रो, विद्या, नंदिनी और मलेश ने भी हथियार डाले हैं — इन चारों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। इसके अलावा 1 लाख रुपए की इनामी कांती ने भी सरेंडर किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली अपने साथ एक SLR, 3 इंसास और एक सिंगल शॉट बंदूक लेकर आए थे। सभी ने गरियाबंद पुलिस के सामने औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया।

कमेटी सदस्य विद्या ने बताया कि, “रूपेश दादा की अपील के बाद हमने सरेंडर किया है। हम DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) में शामिल नहीं होना चाहते, अब बस अपने घर लौटकर सामान्य जीवन जीना चाहते हैं।”

जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने आत्मसमर्पण के लिए मीडिया को माध्यम बनाया था। मीडिया टीम मौके पर पहुंची और आत्मसमर्पण की इच्छा रखने वाले नक्सलियों से लगभग आधा घंटा चर्चा की।

इस दौरान नक्सली लुद्रो की बात एसपी निखिल राखेचा से कराई गई, जिन्होंने उन्हें सुरक्षित आत्मसमर्पण का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस टीम की मदद से सभी नक्सलियों को जंगल से मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां उन्होंने हथियार डाल दिए।

एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि यह आत्मसमर्पण अभियान सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि है। इससे क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर रोक लगेगी और अन्य सक्रिय नक्सलियों को भी मुख्यधारा में लौटने की प्रेरणा मिलेगी