छत्तीसगढ़ के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल और कुलाधिपति ने डॉ. राजेंद्र लाकपाले को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। सोमवार को राजभवन ने नियुक्ति आदेश जारी कर दिया। डॉ. लाकपाले अब तक इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में डायरेक्टर फॉर्म के पद पर कार्यरत थे। वे डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह की जगह लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सरगुजा विश्वविद्यालय में कुलपति पद के लिए चयन प्रक्रिया दो से तीन महीने पहले पूरी हुई थी। आवेदन की स्क्रूटनी के बाद करीब 12 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया था। चयन समिति ने उम्मीदवारों से 8 से 10 स्लाइड्स की प्रस्तुति में उनके शोध, अकादमिक कार्य और प्रशासनिक अनुभव से जुड़ी जानकारी ली थी। डॉ. लाकपाले लंबे समय से कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं।
राज्य में हाल के महीनों में कई विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन प्रक्रिया पूरी की गई है। कुछ माह पहले स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, उद्यानिकी विश्वविद्यालय और पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी, बिलासपुर में भी नए वीसी नियुक्त हुए थे।
वहीं, कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में पिछले सात महीने से प्रभारी कुलपति के रूप में महादेव कावरे कार्यरत हैं। नए वीसी के चयन के लिए फरवरी में विज्ञापन जारी हुआ था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया गया।
रायगढ़ विश्वविद्यालय में कुलपति चयन के लिए इंटरव्यू हो चुका है, जबकि अटल विश्वविद्यालय, बिलासपुर के वीसी पद के लिए जल्द ही नया विज्ञापन जारी होने की संभावना है।
राज्य के विश्वविद्यालयों में एक-डेढ़ साल से चल रही नियुक्ति प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच रही है, जिससे उच्च शिक्षा क्षेत्र में प्रशासनिक स्थिरता आने की उम्मीद है।
