धर्मेंद्र के निधन की खबर निकली झूठी, परिवार ने दी सफाई – “पापा बिल्कुल ठीक हैं”

मुंबई। बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र के निधन की अफवाह ने मंगलवार सुबह पूरे फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को झकझोर दिया। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो गई कि 89 वर्षीय अभिनेता का निधन हो गया है। हालांकि, कुछ ही देर बाद धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने इन खबरों का खंडन करते हुए बताया कि धर्मेंद्र पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्वस्थ हो रहे हैं।

ईशा देओल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा – “मीडिया लगातार झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिताजी स्थिर हैं और स्वस्थ हो रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार को कुछ निजी समय दें। पापा के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए की गई प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।”

जानकारी के अनुसार, सोमवार को धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।

फैंस और सेलेब्रिटीज ने धर्मेंद्र की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने अपने करियर में शोले, सीता और गीता, धरम वीर, चुपके चुपके, ड्रीम गर्ल जैसी अनगिनत सुपरहिट फिल्में दी हैं और आज भी दर्शकों के दिलों में बसते हैं।

> स्पष्ट है कि धर्मेंद्र पूरी तरह स्वस्थ हैं और निधन की खबरें पूरी तरह निराधार हैं।