स्मृति मंधाना–पलाश मुछाल की शादी स्थगित, स्मृति के पिता की तबीयत बिगड़ने पर रोक लगा समारोहों पर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की आज (रविवार) होने वाली शादी फिलहाल टल गई है। यह शाही शादी महाराष्ट्र के सांगली में निर्धारित थी, लेकिन स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण पूरे समारोह को स्थगित कर दिया गया। इस बात की जानकारी स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने दी।

मेहंदी और संगीत के बाद बिगड़ी पिता की तबीयत

शनिवार रात सांगली के समडोली रोड स्थित मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत का भव्य आयोजन किया गया था। कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें स्मृति का पलाश के लिए किया गया स्पेशल डांस परफॉर्मेंस फैंस के बीच चर्चा में रहा।

रविवार दोपहर से शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, लेकिन इससे पहले ही स्मृति के पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तुरंत सांगली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

दोनों परिवार और खिलाड़ी थे मौजूद

शादी के समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, करीबी दोस्त और टीम इंडिया की कई खिलाड़ी मौजूद थीं। सांगली में खास तौर पर तैयार किए गए वेडिंग वेन्यू की तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थीं और फैंस शादी को लेकर बेहद उत्साहित थे।

2019 में हुई थी पहली मुलाकात

स्मृति और पलाश की पहली मुलाकात 2019 में मुंबई में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने चुपचाप अपने रिश्ते को आगे बढ़ाया। लगभग 5 साल बाद, 2024 में दोनों ने आधिकारिक तौर पर अपने रिलेशनशिप की जानकारी दी। करीब 6 साल के इस रिश्ते के बाद अब दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे थे, लेकिन फिलहाल पिता की तबीयत के चलते आयोजन रोक दिया गया है।