दुर्ग में फोम फैक्ट्री में भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू

दुर्ग जिले में रविवार देर रात एक फोम मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुम्हारी थाना क्षेत्र के मुरमुंदा इलाके में स्थित इस फैक्ट्री से उठती ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक नजर आईं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीमों ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की और तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अंदर मौजूद ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग तेजी से फैल गई और पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल कर्मियों ने लगातार पानी और फोम की बौछारों के साथ तीन घंटे तक संघर्ष किया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक फैक्ट्री के भीतर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।

अभी तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान है कि प्लांट में मौजूद अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री इसकी वजह हो सकती है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।