तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। येल्लारेड्डीपेट मंडल के गोलापल्ली इलाके में रहने वाले 45 वर्षीय सुरेंद्र की रविवार को गले में चिकन की हड्डी फंसने से मौत हो गई। सुरेंद्र ट्रॉली ऑटो चलाकर अपनी पत्नी और दो बेटियों का पेट पालते थे। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए हैं।
खाना खाते समय हुई दुर्घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुरेंद्र रविवार को छुट्टी पर थे और घर में ही चिकन बनाया गया था। दोपहर में परिवार के साथ भोजन करते समय चिकन की एक नुकीली हड्डी उनके गले में फंस गई। हड्डी फंसते ही उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिवार ने कोशिश की, लेकिन हड्डी नहीं निकल सकी। धीरे-धीरे उनकी सांस रुकने लगी और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
लाड़ली बहना योजना पर बड़ी अपडेट: सरकार अब एक साथ देगी नवंबर–दिसंबर की दो किस्तें, लाभार्थियों को मिलेंगे ₹3,000
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
सुरेंद्र की अचानक हुई मौत से उनकी पत्नी और दो छोटी बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दोनों बेटियां पिता के बिना बेसहारा हो गई हैं और परिजन रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरेंद्र मेहनतकश और सरल स्वभाव के इंसान थे।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
खाना खाते समय गले में खाना या हड्डी फंसने की वजह से दम घुटने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ समय पहले एक युवक की गले में मछली का कांटा फंसने से मौत हो गई थी। डॉक्टरों का कहना है कि भोजन करते समय सावधानी न बरतने पर ऐसे हादसे जानलेवा साबित हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों में शोक की लहर
घटना के बाद गोलापल्ली क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग देने की मांग भी उठाई है।
