WWE को अलविदा: जॉन सीना की आखिरी लड़ाई, गनथर के सामने घुटने टेके दिग्गज

डब्ल्यूडब्ल्यूई (WWE) के इतिहास के सबसे महान रेसलरों में शुमार जॉन सीना का शानदार करियर जीत के साथ खत्म नहीं हो सका। रविवार को खेले गए अपने करियर के आखिरी मुकाबले में जॉन सीना को मौजूदा ताकतवर रेसलर गनथर के हाथों हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला भावनाओं से भरा रहा, जहां एक युग का अंत साफ नजर आया।

मैच की शुरुआत से ही गनथर ने आक्रामक अंदाज अपनाया और लगातार सीना को कमजोर करता रहा। मुकाबले के अंतिम पलों में गनथर ने स्लीपर लॉक लगाकर जॉन सीना की ताकत पूरी तरह खत्म कर दी। उस समय साफ दिख रहा था कि सीना के पास अब जवाब नहीं बचा है।

हालांकि हार से पहले जॉन सीना ने अपने जज्बे का परिचय दिया। उन्होंने कुछ शानदार दांव लगाए और गनथर को अपने कंधों पर उठाकर रिंग में पटक दिया, जिससे दर्शकों में जोश भर गया। लेकिन उम्र और थकान इस बार सीना पर भारी पड़ी और आखिरकार उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी।

मुकाबले के बाद का नजारा बेहद भावुक था। हार के बाद जॉन सीना ने अपनी टी-शर्ट और रिस्टबैंड रिंग में छोड़ दिए और दर्शकों का अभिवादन करते हुए रिंग से बाहर चले गए। यह पल उनके फैंस के लिए भावनात्मक रहा, क्योंकि इसी के साथ WWE में एक ऐतिहासिक सफर का अंत हो गया।

जॉन सीना ने अपने करियर में अनगिनत खिताब जीते, लाखों फैंस बनाए और WWE को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। भले ही आखिरी मुकाबला जीत में तब्दील न हो सका, लेकिन जॉन सीना हमेशा एक लीजेंड के रूप में याद किए जाएंगे।