जशपुर | मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के सर्वांगीण विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिले की चार प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए कुल 12 करोड़ 69 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क सुदृढ़ होगा, आवागमन सुगम बनेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत सड़क परियोजनाओं में
-
कंडोरा से आराकोना (3 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 86 लाख रुपये,
-
माडो से ढेंगनी (3 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 77 लाख रुपये,
-
चराईडांड के मलेरिया बस्ती से एनएच-43 तक (1.9 किमी) मार्ग के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये,
-
बेहराखार अटल चौक से कुरूमढ़ोड़ा (2.86 किमी) मार्ग के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये शामिल हैं।
इन सड़कों के निर्माण से दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में यातायात की सुविधा बेहतर होगी, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच और आसान हो जाएगी।
दो वर्षों में 1000 करोड़ से अधिक की सड़क सौगात
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल में जशपुर जिले के लिए सड़क निर्माण मद में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इससे जिले का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है और ग्रामीण अंचलों में विकास की तस्वीर तेजी से बदली है। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
क्षेत्रवासियों ने जताया आभार
इस बड़ी सौगात पर जशपुर के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि नई सड़कों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि जिले की पर्यटन क्षमता को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के हर कोने तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। जशपुर में हो रहे सड़क विकास कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है, जिससे लाखों नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।
