नए साल पर बिलासपुर के कई वार्डों में नहीं मिलेगा नल से पानी, अमृत मिशन की सप्लाई रहेगी बाधित

बिलासपुर। नए साल के पहले दिन बिलासपुर शहर के कई इलाकों में पेयजल संकट रहेगा। अमृत मिशन के तहत शहर में होने वाली जल आपूर्ति 1 जनवरी को बाधित रहेगी। बिरकोना स्थित अमृत मिशन के जल उपचार संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) के वाल्व चैंबर में आई तकनीकी खराबी के कारण कई वार्डों में नल से पानी नहीं मिलेगा।

नगर निगम के अमृत मिशन नोडल अधिकारी प्रवीण शुक्ला ने बताया कि बिलासपुर शहर में अमृत मिशन के अंतर्गत कुल 22 पानी की टंकियों से जल आपूर्ति की जाती है। इनमें से व्यापार विहार, गणेश नगर और हेमू नगर की पानी टंकियों से 1 जनवरी को जल आपूर्ति नहीं हो पाएगी।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के अनुसार, तकनीकी समस्या के चलते तालापारा, मरी माई रोड, भारत चौक, कुम्हारपारा, ग्रीन पार्क कॉलोनी, अज्ञेय नगर, वार्ड क्रमांक 27 विनोबा नगर, क्रांति नगर बैंक कॉलोनी, तारबाहर, शेष कॉलोनी और एफसीआई गोडाउन सहित कुल 9 वार्डों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। इससे करीब 60 से 70 हजार लोग प्रभावित होंगे।

नगर निगम प्रशासन ने प्रभावित वार्डों में नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। साथ ही नागरिकों से पानी का संयमित उपयोग करने की अपील की गई है।