बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। इस कॉल सेंटर के जरिए इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर बस्तर जिले के एक युवक से करीब 20 लाख रुपये की ठगी की गई थी। मामले में नगरनार थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस टीम ने दिल्ली पहुंचकर 4 युवतियों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंश्योरेंस में दोगुना मुनाफे का झांसा
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2020 में बीमा अभिकर्ता अंचल हिल के माध्यम से बजाज एलियांज इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की ‘फ्यूचर गेन’ पॉलिसी ली थी। एजेंट ने उसे बताया था कि एकमुश्त 1 लाख रुपये जमा करने पर 10 साल बाद रकम दोगुनी हो जाएगी।
इसके बाद अच्छे मुनाफे का लालच देकर प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराए गए। इस तरह पीड़ित से कुल करीब 20 लाख रुपये की ठगी की गई।
साइबर सेल की जांच में खुला मामला
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने नगरनार थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला साइबर अपराध से जुड़ा होने के कारण एसपी शलभ सिन्हा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल प्रभारी डीएसपी गीतिका साहू के नेतृत्व में टीम ने बैंक खातों, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सिम कार्ड की तकनीकी जांच की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का लोकेशन दिल्ली में ट्रेस किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने दिल्ली के जनकपुरी इलाके में स्थित फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम
ओम प्रकाश गुप्ता, दक्षा उर्फ नेहा, शिखा गुप्ता, खुशी और अंजली चौधरी बताए हैं।
आगे की जांच जारी
पुलिस को आशंका है कि आरोपी इसी तरह कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बना चुके हैं। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और ठगी की रकम व अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।
