रामचंद्र ध्रुव बने अनुसूचित जनजाति मोर्चा भाजपा के जिला अध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल के प्रति जताया आभार

योगेश यादव/बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के बलौदाबाजार जिला अध्यक्ष के रूप में रामचंद्र ध्रुव की नियुक्ति की गई है। रामचंद्र ध्रुव कसडोल विकासखंड अंतर्गत ग्राम असनींद के निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं।

रामचंद्र ध्रुव इससे पूर्व अपने गांव के सरपंच तथा जनपद सदस्य के रूप में जनसेवा कर चुके हैं। वे ठेठ छत्तीसगढ़िया पहचान वाले नेता माने जाते हैं और क्षेत्र के लोगों से उनका निरंतर जुड़ाव रहा है। जनजातीय समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ और जमीनी अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही बलौदाबाजार जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने वाला निर्णय बताया है।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रामचंद्र ध्रुव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अनुसूचित जनजाति समाज के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल का उन्हें हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहा है और इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति के लिए वे गौरी शंकर अग्रवाल के प्रति विशेष रूप से आभार प्रकट करते हैं।