छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रविवार देर रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 30 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना बतौली थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर–सीतापुर मेन रोड पर स्थित शांतिपारा इलाके में अमित क्लाथ स्टोर्स में यह आग लगी। देर रात करीब 2:30 बजे दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख हाइवे से गुजर रहे चारपहिया वाहन सवारों ने तुरंत वाहन रोका और दुकान के पास रहने वाले परमेश्वर गुप्ता को घटना की सूचना दी।
परमेश्वर गुप्ता ने तत्काल दुकान संचालकों को जानकारी दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के दोनों शटर तपने लगे थे और आग की लपटें बाहर तक दिखाई दे रही थीं। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी दुकान जलकर खाक हो चुकी थी।
गनीमत यह रही कि दुकान से सटी किराना दुकान आग की चपेट में आने से बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
