पुराने सिम कार्ड से सोना निकालने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आते ही पुराने सिम कार्ड खरीदने को लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर होड़ मच गई है। हालांकि, इस वीडियो को पोस्ट करने वाले चीनी व्यक्ति ने खुद आम लोगों को इस प्रक्रिया से दूर रहने की चेतावनी दी है।
इस वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान किआओ के रूप में हुई है, जो चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर का रहने वाला है। किआओ ने 20 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर यह वीडियो साझा किया था, जिसमें वह पुराने सिम कार्ड से सोना निकालता नजर आता है। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।
वीडियो में किआओ पुराने सिम कार्ड्स को एक केमिकल से भरे ड्रम में डालता है। इसके बाद धोने, जलाने और कई जटिल प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद वह 191.73 ग्राम सोना निकालने में सफल हो जाता है। इस सोने की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख युआन, यानी लगभग 26.59 लाख रुपये बताई जा रही है।
मेनलैंड मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक सिम कार्ड में अधिकतम 0.001 ग्राम तक सोना मौजूद होता है। इसके अलावा बैंक कार्ड की चिप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी सीमित मात्रा में सोने का इस्तेमाल किया जाता है।
हालांकि, किआओ ने स्पष्ट किया है कि चिप और सिम कार्ड से सोना निकालने की प्रक्रिया काफी जटिल, जोखिम भरी और खतरनाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह प्रक्रिया आम लोगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है और कई मामलों में अवैध भी हो सकती है। किआओ के अनुसार, इस तरह का काम केवल प्रशिक्षित और पेशेवर लोग ही कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के बाद विशेषज्ञों ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के जोखिम भरे प्रयोग से बचने की अपील की है।
