CGBSE ने शुरू की हेल्पलाइन 2026, 5 फरवरी से छात्रों को मिलेगा मार्गदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर छात्रों की समस्याओं के समाधान और परीक्षा तनाव कम करने के उद्देश्य से ‘हेल्पलाइन 2026’ शुरू करने का निर्णय लिया है। यह हेल्पलाइन 5 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी।
हेल्पलाइन का टोल-फ्री नंबर 1800 233 4363 रहेगा। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। छात्र, अभिभावक एवं शिक्षक इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। रविवार को भी हेल्पलाइन उपलब्ध रहेगी।
मंडल के अनुसार, 5 फरवरी से 18 फरवरी तक अंग्रेजी, गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, विज्ञान, जीव विज्ञान एवं लेखाशास्त्र जैसे विषयों के विशेषज्ञ शिक्षक छात्रों की शंकाओं का समाधान करेंगे।
इसके साथ ही परीक्षा को लेकर तनाव, घबराहट या मानसिक दबाव झेल रहे छात्रों के लिए मनोवैज्ञानिक और काउंसलर भी उपलब्ध रहेंगे, जो उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान करेंगे।
हेल्पलाइन का दूसरा चरण 19 फरवरी से 17 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें आगामी परीक्षाओं से संबंधित प्रश्नों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। परीक्षाओं के सुचारू संचालन को लेकर राज्य सरकार ने 15 फरवरी से 30 अप्रैल 2026 तक ESMA लागू कर दिया है।
ESMA के तहत इस अवधि में शिक्षक एवं परीक्षा कार्य से जुड़े कर्मचारी अवकाश नहीं ले सकेंगे। साथ ही हड़ताल, धरना या किसी भी प्रकार के आंदोलन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी शिक्षकों को अपने मूल पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।