छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सल मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सल मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर, एक जवान शहीद
छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमा पर शुक्रवार सुबह से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस नक्सल ऑपरेशन में अब तक तीन नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, जबकि एक जवान वीरगति को प्राप्त हुआ है। वहीं मुठभेड़ के दौरान एक अन्य जवान घायल हो गया, जिसे तत्काल एयरलिफ्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ स्थल से एके-47 और एक इंसास राइफल बरामद होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेर रखा है और दोनों तरफ से लगातार फायरिंग जारी है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस के विशेष दस्ता सी-60 (C-60 कमांडो) द्वारा की जा रही है। अबूझमाड़ के दुर्गम और घने जंगलों वाले इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक खुफिया जानकारी मिली थी। इसी के बाद सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
इलाका बेहद दुर्गम होने के कारण ऑपरेशन में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षाबलों की ओर से सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही आधिकारिक आंकड़ों और पूरी जानकारी साझा किए जाने की संभावना है।