छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं का शुल्क बढ़ा, 5 साल बाद माशिमं का बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षाओं का शुल्क बढ़ा, 5 साल बाद माशिमं का बड़ा फैसला
2026-27 सत्र से लागू होगी नई दरें, 10वीं-12वीं के छात्रों को देना होगा 800 रुपए
रायपुर।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने करीब 5 साल बाद 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। यह बढ़ा हुआ शुल्क शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किया जाएगा। माशिमं के इस फैसले से लाखों छात्रों पर सीधा असर पड़ेगा।
अब 460 की जगह देने होंगे 800 रुपए
नए प्रावधानों के अनुसार, नियमित परीक्षार्थियों को अब बोर्ड परीक्षा शुल्क, अंकसूची शुल्क और प्रति विषय प्रैक्टिकल शुल्क मिलाकर कुल 800 रुपए चुकाने होंगे।
अब तक छात्रों को इसके लिए 460 रुपए देने पड़ते थे। यानी एक झटके में 340 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
आवेदन शुल्क भी बढ़ा
बोर्ड परीक्षा के आवेदन फॉर्म शुल्क में भी इजाफा किया गया है।
पहले आवेदन शुल्क: 80 रुपए
अब आवेदन शुल्क: 150 रुपए
यानी आवेदन शुल्क में 70 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रवेश पत्र की द्वितीय प्रति के शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके लिए पहले की तरह 80 रुपए ही देने होंगे।
कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
10वीं और 12वीं परीक्षा शुल्क बढ़ाने का यह फैसला माशिमं की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया। समिति ने कुल 22 मदों के शुल्क बढ़ाने को मंजूरी दी है।
इन शुल्कों में भी हुआ इजाफा
बढ़ाए गए शुल्कों में शामिल हैं—
नामांकन शुल्क
अतिरिक्त विषय शुल्क
एक या दो विषय (द्वितीय मुख्य/अवसर परीक्षा)
स्वाध्यायी छात्रों का पंजीयन शुल्क
स्वाध्यायी छात्रों की अनुमति शुल्क
अन्य प्रशासनिक शुल्क
छात्रों और अभिभावकों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
माशिमं के इस फैसले से जहां बोर्ड की आय बढ़ेगी, वहीं छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। खासतौर पर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है।