बांग्लादेश में हुए संसदीय चुनाव के बाद मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। 17 साल बाद देश लौटे तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है।
चुनावी रुझानों के अनुसार, बीएनपी अब तक 212 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं जमात-ए-इस्लामी ने 70 सीटों पर जीत हासिल की है। इन नतीजों के साथ ही बांग्लादेश की राजनीति में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है और तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग सुनिश्चित बताया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,
“मैं बांग्लादेश में संसदीय चुनावों में बीएनपी को बड़ी जीत दिलाने के लिए मिस्टर तारिक रहमान को दिल से बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों का आपके नेतृत्व पर भरोसा दर्शाती है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि इस चुनावी नतीजे के बाद बांग्लादेश की घरेलू और विदेश नीति में अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से भी यह परिणाम काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
