संजू पैकरा / बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत छेरकाडीह जारा गांव में चार महीने की गर्भवती महिला की एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजय साहू की पत्नी इंदु साहू को सर्दी-खांसी की शिकायत थी। वह गांव में इलाज करने वाले जयंत साहू के क्लिनिक पर पहुंची थी। बताया गया कि पहले डॉक्टर क्लिनिक में मौजूद नहीं थे, जिसके बाद वह घर लौट आई। कुछ समय बाद डॉक्टर के आने की सूचना मिलने पर वह दोबारा क्लिनिक गई।
परिजनों के मुताबिक, जांच के दौरान महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और चक्कर खाकर वह गिर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत गंभीर हुई, हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, महिला की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। परिजन करीब चार घंटे तक अस्पताल में मौजूद रहे और बाद में पोस्टमॉर्टम न कराने का लिखित आवेदन देकर शव अपने साथ ले गए।
परिवार ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में अब तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इधर, संबंधित व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि उसके पास कोई मान्य चिकित्सा डिग्री नहीं है और वह लंबे समय से इलाज कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की ओर से फिलहाल किसी औपचारिक जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
