संजू पैकरा/बलौदाबाजार 24 मार्च 2026
पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश: पेट्रोल डालकर हत्या का प्रयास, आरोपी पति गिरफ्तार
सिमगा, 23 मार्च 2026। थाना सिमगा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने पुलिस सहायता केन्द्र लिमतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 25 जनवरी 2026 को वह अपने माता-पिता के साथ पिकनिक के लिए मनकुदीप जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसके पति रिषभ मसीह उर्फ बंटी ने उसके चरित्र पर संदेह करते हुए अश्लील गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और हत्या की नीयत से उस पर पेट्रोल डालकर माचिस जलाने की कोशिश की। पीड़िता किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
मामले में थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 109 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस सहायता केन्द्र लिमतरा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 23 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रिषभ मसीह उर्फ बंटी (29 वर्ष), निवासी गणेशपुर थाना सिमगा (हाल निवास विश्रामपुर) क्षेत्र का निगरानी बदमाश भी है।
