योगेश यादव/ बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र में चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी को दोहरी आजीवन कारावास की सजा दी है। यह मामला अपराध क्रमांक 300/24, धारा 103(1) और 238 भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, यह जघन्य वारदात 28 जुलाई 2024 को ग्राम भदरा में हुई थी, जहां आरोपी ने एक मां और उसकी पुत्री की निर्मम हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया था।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों का मजबूत संकलन किया। साथ ही गवाहों के बयान पुख्ता किए गए और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया। पूरे मामले की विवेचना उप पुलिस अधीक्षक (कैम्प कसडोल) कौशल किशोर वासनिक के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस की सशक्त विवेचना और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के चलते न्यायालय ने आरोपी को दोहरी आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस फैसले को जिले के महत्वपूर्ण और उदाहरणीय निर्णयों में माना जा रहा है।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस विभाग की कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है, जो भविष्य में भी अपराध नियंत्रण के लिए प्रेरणा का काम करेगी।
