कोरबा में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी का सिर धड़ से अलग किया, कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। वारदात के बाद आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

यह घटना रजगामार थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव (45) गांव का रहने वाला है और लंबे समय से एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था। वह अपनी पत्नी छेक बाई (42) और चार बच्चों के साथ वहीं रहता था।

चरित्र शंका बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी अक्सर उसके चरित्र पर शक करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। बुधवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों ने शराब का सेवन किया था।

विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया और उसका गला धड़ से अलग कर दिया।

सिर लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी

हत्या के बाद आरोपी अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। बाद में उसने सिर को एक बोरी में रखा और वहीं बैठ गया। इस खौफनाक मंजर को देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के सामने किया जुर्म कबूल

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि “मैंने ही इसकी मुंडी काटी है, मैं इसे बहुत प्यार करता था।” आरोपी ने यह भी बताया कि वह कटे हुए सिर को लेकर बालको थाने जाने वाला था।

बच्चों के सामने हुई वारदात

बताया जा रहा है कि घटना के समय दंपती के बच्चे भी घर पर मौजूद थे, जिससे घटना और भी संवेदनशील हो गई है।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी सालिक राम यादव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में भय और सनसनी का माहौल है।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।