छत्तीसगढ़ समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, 45°C तक पहुंचेगा तापमान; IMD ने जारी किया हीट वेव अलर्ट

रायपुर। देश के कई हिस्सों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ समेत उत्तर भारत के राज्यों में भीषण लू का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में अगले 3-4 दिनों तक तेज गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में 24 से 27-28 अप्रैल तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इससे हीट स्ट्रेस का खतरा बढ़ सकता है।
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में मौसम का मिजाज अलग बना हुआ है। यहां कई जगहों पर तेज बारिश, आंधी और तूफान का पूर्वानुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।