दुर्ग में नेता व कारोबारी चतुर्भुज राठी के घर और दफ्तर पर ईडी का छापा 

दुर्ग  30 अप्रैल 2026 :  दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से गुरुवार सुबह राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल मच गई. ईडी की टीम ने भाजपा नेता और बड़े कारोबारी चतुर्भुज राठी के पुलगांव स्थित आवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की. सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल रहे. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित वित्तीय लेन‑देन और कंपनियों से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है. फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी है और जांच जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय के एक दर्जन से अधिक अधिकारी चार गाड़ियों में सवार होकर पुलगांव के महेश कॉलोनी स्थित चतुर्भुज राठी के आवास पर पहुंचे. इसके साथ ही उनके कार्यालय पर भी एक अलग टीम ने दबिश दी. अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.

बताया जा रहा है कि ईडी की जांच के दायरे में चतुर्भुज राठी से जुड़ी अनेक फर्में शामिल हैं. इनमें अमर इंफ्रास्ट्रक्चर (अमर बिल्डीकॉन), अमर महाबीर कोल माइन्स, अमर प्राइवेट लिमिटेड और टार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड प्रमुख हैं. एजेंसी इन कंपनियों के वित्तीय लेन‑देन, बैंक खातों और अनुबंधों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है. चतुर्भुज राठी का मुख्य व्यवसाय सरकारी अनुबंधों के तहत सड़क और पुल निर्माण से जुड़ा बताया जाता है. इसके अलावा वे कई शॉपिंग मॉल्स के मालिक हैं. कोयला खदानों के संचालन में भी उनकी बड़ी हिस्सेदारी मानी जाती है. इन्हीं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े वित्तीय पक्षों को लेकर ईडी जांच कर रही है.