जबलपुर 01 मई 2026 : जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरी क्रूज डूबने से बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी और लहरों के कारण क्रूज पलट गई। कई लोग लापता हैं, जबकि कुछ की मौत की आशंका है। SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी है और प्रशासन लापरवाही की जांच कर रहा है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां पर्यटकों से भरा क्रूज अचानक डूब गया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि क्रूज में करीब 35 लोग सवार थे, जिनमें से कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटना में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5:30 बजे सैलानी क्रूज से नर्मदा नदी की सैर कर रहे थे। तभी खमरिया टापू के पास अचानक तेज आंधी और लहरें उठने लगीं। तेज हवा के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर डैम में डूब गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि, करीब 15 लोग किसी तरह तैरकर किनारे तक पहुंच गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। अंधेरा होने के बावजूद लापता लोगों की तलाश जारी है।
डैम के जलस्तर और गहराई के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि खराब मौसम के बावजूद क्रूज को चलाने में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
बरगी डैम में हुए हादसे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया और एक्स पर लिखा- आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है। जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
