फिल्मी स्टाइल अपहरण कांड का पर्दाफाश: 12 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार, युवक सकुशल बरामद

संजू पैकरा/बलौदाबाजार 3 माई 2026

फिल्मी अंदाज़ में युवक का अपहरण, 12 घंटे में पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा

हथबंद, 2 मई 2026 — थाना हथबंद क्षेत्र में एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है, जहां रिंगनी रेलवे फाटक के पास स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कंपनी सुपरवाइजर का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस की तत्परता से महज 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, 1 मई की शाम करीब 5:52 बजे आर.एस. इंफ्रा कंपनी रिंगनी के सुपरवाइजर शैनू शेख को अज्ञात आरोपियों ने स्कॉर्पियो (CG16 CU 2066) में जबरदस्ती बैठाकर अगवा कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना हथबंद में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना हथबंद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वाहन के मूवमेंट का विश्लेषण करते हुए आरोपियों का पीछा किया।

लगातार पीछा करते हुए पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले के करंजिया क्षेत्र से चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और अपहृत युवक को सकुशल मुक्त कराया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते अपहरण और मारपीट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। सभी आरोपियों को 2 मई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

1. ओम नारायण पांडेय (33 वर्ष) – करंजिया, जिला डिंडोरी

2. अजय यादव (38 वर्ष) – गुमाधारी, जिला अनूपपुर

3. अभिषेक श्याम (23 वर्ष) – केराटोला, करंजिया

4. योगीराज परस्ते उर्फ राहुल (26 वर्ष) – केराटोला, करंजिया

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।