खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने जन समस्या निवारण शिविर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
रायपुर 08 मई 2026 : सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बेमेतरा जिला के ग्राम पंचायत मोहतरा के माध्यमिक शाला परिसर में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान एसडीएम दिव्या पोटाई, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागीय स्टॉलों में आम नागरिकों की समस्याएं सुनते रहे। खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने शिविर प्रारंभ होने से पूर्व मोहतरा स्थित राम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री बघेल ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
मोहतरा समाधान शिविर में 834 आवेदन प्राप्त, 246 मामलों का मौके पर निराकरण
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम मोहतरा क्लस्टर में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। हाई स्कूल मैदान मोहतरा में आयोजित शिविर में कुल 834 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 814 मांग संबंधी तथा 20 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए शिविर स्थल पर ही 246 आवेदनों का निराकरण किया गया, जिनमें 242 मांग एवं 4 शिकायत संबंधी प्रकरण शामिल हैं। वहीं शेष 588 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिनमें 572 मांग एवं 16 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई। ग्रामीणों ने मौके पर समाधान मिलने पर शासन की पहल की सराहना की।
