रायपुर नगर निगम के बने नए आयुक्त संबित मिश्रा

रायपुर 08 मई 2026 :  रायपुर नगर निगम में नए आयुक्त की नियुक्ति कर दी गई है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी संबित मिश्रा अब नगर निगम की कमान संभालेंगे। वे सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे। प्रशासनिक गलियारों में उनकी पहचान फील्ड में सक्रिय रहने वाले और तकनीक आधारित कामकाज को बढ़ावा देने वाले अधिकारी के रूप में रही है।

ओडिशा के भुवनेश्वर से ताल्लुक रखने वाले संबित मिश्रा ने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 51वीं रैंक हासिल की थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई उन्होंने आईआईटी कानपुर से की, जबकि पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स की डिग्री जेएनयू से ली।

अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने नगरीय प्रशासन से लेकर पंचायत और नक्सल प्रभावित इलाकों तक काम किया है। रायगढ़ नगर निगम आयुक्त, जशपुर जिला पंचायत CEO और कोरबा जिला पंचायत CEO जैसे पदों पर रहते हुए उन्होंने कई योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन संभाला।