राजधानी में शादी समारोह में खूब चली गोलियां

रायपुर 11 मई 2026 : राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री और मंडी सदस्य मोनिका सिंह के परिवार से जुड़े कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में भाजपा नेत्री के पति के साथ बच्चे, लड़कियां और महिलाएं हथियार लहराते और फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वहीं “धुरंधर” फिल्म के गाने पर रील बनाकर वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया है।

हर्ष फायरिंग की वायरल वी​डियो पर पुलिस ने कहा, शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पूरे मामले की जांच कराएंगे। वहीं, कांग्रेस ने कहा, प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ी हुई है। लॉ एंड ऑर्डर को सुधारने के लिए सरकार को सख्त उठाना चाहिए।

मामला रायपुर के एक शादी समारोह का है, जहां भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई प्रतीक की शादी आयोजित की गई थी। समारोह में रिश्तेदारों और मेहमानों की मौजूदगी में जमकर हवाई फायरिंग की गई।

वायरल वीडियो में मोनिका सिंह के पति ऋतुपर्ण सिंह के साथ लड़कियां और महिलाएं भी बंदूक और पिस्टल से फायर करते दिखाई दे रही हैं। कार्यक्रम में डीजे और फिल्मी गानों के बीच हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया।