16 मई 2026 : पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने महिला टी-20 इंटरनेशनल मैच में सबसे तेज फिफ्टी का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कराची में शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
34 साल की फातिमा ने सोफी डिवाइन, फीबी लिचफील्ड और भारत की ऋचा घोष का रिकॉर्ड तोड़ा। इन तीनों ने 18-18 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी। इससे पहले पाकिस्तान के लिए यह रिकॉर्ड निदा डार के नाम था। उन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 20 गेंदों में फिफ्टी बनाई थी।
फातिमा सना की यह पारी इंटरनेशनल के साथ ओवरऑल विमेंस टी-20 क्रिकेट में भी सबसे तेज फिफ्टी है। मैरी केली ने 2022 में वॉर्विकशायर और लॉरा हैरिस ने 2025 में ओटागो के लिए घरेलू क्रिकेट में 15 गेंदों में अर्धशतक बनाए थे।
तीसरे टी-20 में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी। फातिमा सना 17वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरीं। तब टीम का स्कोर 152 रन पर 4 विकेट था। उन्होंने पहली गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद कुदजई चिगोरा की गेंदों पर लगातार चार चौके जड़े।
फातिमा ने 19वें ओवर में नोमवेलो सिबांडा के खिलाफ सबसे आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने ओवर में 4, 4, 6, 6 और 4 रन के साथ 24 रन बनाए। आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर 2 रन लेकर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी का अंत दो चौकों के साथ किया और 19 गेंदों में 62 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस दौरान 10 चौके और 2 छक्के लगाए।
