![]()

गिधौरी। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर वट सावित्री व्रत श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाया। ग्राम के हृदय स्थल वट विश्राम गिधौरी में सुबह से ही महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर वट वृक्ष की परिक्रमा की और पति की दीर्घायु की कामना की।
पारंपरिक वेशभूषा एवं सोलह श्रृंगार में पहुंची महिलाओं ने वट वृक्ष में कच्चा धागा बांधकर पूजा की। महिलाओं ने फल, फूल, रोली, अक्षत एवं पूजा सामग्री अर्पित कर भगवान विष्णु एवं माता सावित्री का स्मरण किया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पंडित मुकेश शर्मा ने महिलाओं को वट सावित्री व्रत की कथा सुनाई। उन्होंने माता सावित्री और सत्यवान की कथा का वर्णन करते हुए व्रत के धार्मिक महत्व एवं भारतीय संस्कृति में इसकी विशेषता के बारे में जानकारी दी। कथा श्रवण के बाद महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति और पति की लंबी आयु की कामना करते हुए पूजा संपन्न की।
महिलाओं ने बताया कि वट सावित्री व्रत भारतीय परंपरा, विश्वास और वैवाहिक जीवन के अटूट संबंध का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर वट वृक्ष की पूजा करती हैं और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करती हैं।
वट विश्राम गिधौरी में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा तथा महिलाओं ने एक-दूसरे को वट सावित्री पर्व की शुभकामनाएं भी
