आगरा/अलीगढ़। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक्सिस बैंक का करीब तीन करोड़ रुपये कैश लेकर आगरा से अलीगढ़ जा रही रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड की कैश वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में वैन में तैनात दो गनमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड एक्सिस बैंक के कैश ट्रांसपोर्ट का कार्य करती है। सोमवार को कंपनी की वैन आगरा स्थित मुख्य शाखा से तीन करोड़ रुपये कैश लेकर अलीगढ़ के लिए रवाना हुई थी।
वैन में चालक रघुराज सिंह निवासी मेडू, हाथरस, गनमैन भानुप्रताप निवासी उदेहान थाना सहपऊ हाथरस, गनमैन बाबू सिंह निवासी खेरिया जलाली अलीगढ़, तथा कस्टोडियन मनोज कुमार और निरंजन सिंह सवार थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 157 पर तेज रफ्तार कैश वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 43 वर्षीय गनमैन भानुप्रताप और 45 वर्षीय बाबू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। साथ ही वैन में मौजूद तीन करोड़ रुपये नकदी को सुरक्षा में लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
