बिलासपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का सोमवार को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उन्हें साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में शामिल हुए थे। इस प्रशिक्षण अभियान की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की बड़ी संख्या अस्पताल पहुंच गई। पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और सामाजिक व योग गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वे संगठनात्मक कार्यक्रमों में लगातार सक्रिय रहते थे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में उनकी पहचान थी।
बिलासपुर के तिफरा में सोमवार को भाजपा जिला संगठन की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ था, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
