कोलकाता 02 जून 2026 : कोलकाता के लेक टाउन इलाके में स्थापित अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी की 70 फीट ऊंची प्रतिमा को आज यानी सोमवार को सुरक्षा कारणों से हटा दिया गया। दरअसल हाल ही में तेज तूफानों के बाद प्रतिमा के हिल जाने की शिकायतें सामने आई थीं। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने प्रतिमा को एक हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से सावधानीपूर्वक उस चबूतरे से हटवाकर ट्रक पर लाद दिया।
इस प्रक्रिया के दौरान प्रतिमा को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पीडब्ल्यूडी की निगरानी में प्रतिमा रखी जाएगी। हालांकि इसे दोबारा कहां स्थापित किया जाएगा, इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अपनी जगह से हिल रही थी प्रतिमा कुछ दिनों पहले स्थानीय लोगों ने लेक टाउन पुलिस स्टेशन को सूचना दी थी कि तेज हवाओं और तूफान के दौरान प्रतिमा हिल रही है। इसके बाद पुलिस और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्माण एजेंसी ने प्रतिमा के फाउंडेशन बोल्ट में तकनीकी खामी की जानकारी दी। ऐसे में इसके गिरने का खतरा बना हुआ था।
