राजधानी दिल्ली में बड़ा अग्निकांड: 6 मंजिला होटल में आग, 21 मृत

नई दिल्ली 03 जून 2026 :  दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार 3 जून की सुबह फ्लरिश स्टे नाम के होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं. जो सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों से हैं. कितने विदेशी नागरिक मारे गए हैं, फिलहाल इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है.

दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीयों लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर में मौजूद इस होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी. आग ऊपरी मंजिलों पर बने होटल के कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई.

कुल 40 लोगों का रेस्क्यू किया गया. कई लोगों की हालत गंभीर है. वहीं, बेसमेंट से भी 6 से ज्यादा लोगों को निकाला गया. दिल्ली के इस होटल में आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है. पिछले 6 महीनों में दिल्ली में आग की अलग-अलग घटनाओं में 66 लोगों की मौत हो चुकी है.

रेस्टोरेंट के ऊपर होटल था, आग 6 मंजिल तक पहुंची

आग 6 मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने बी-एन-बी रेस्टोरेंट में लगी. कुछ देर बाद होटल में ऊपर की तरफ फेल गई. यह होटल दिल्ली के प्रेस एन्क्लेव रोड पर है. यहीं पर मैक्स हॉस्पिटल और एम्स भी है. बताया जा रहा है कि इन अस्पतालों में इलाज कराने आने वालों के परिजन भी इस होटल में रुका करते थे.

बेटे को चिपकाए तीसरी मंजिल से कूदी मां, नीचे बिछे गद्दों से बची दोनों की जान

होटल अग्निकांड में एक मां ने अपने बच्चे की जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग और धुएं के बीच जब बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा, तो महिला ने बच्चे को सीने से चिपकाया और नीचे कूद गई. स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही होटल के नीचे सड़क पर गद्दे बिछा दिए थे. महिला और बच्चा इन्हीं गद्दों पर गिरे, जिससे उनकी जान बच गई. हालांकि महिला को चोटें आईं और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते गद्दे नहीं बिछाए जाते, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था. आग लगने के दौरान कई लोग खिड़कियों से मदद के लिए पुकार रहे थे, जबकि आसपास के लोग अपनी जान की परवाह किए बिना बचाव में जुट गए थे.