घरेलू LPG सिलेंडर ₹29 महंगा: दिल्ली में अब ₹942 में मिलेगा, 3 महीने में दूसरी बढ़ोतरी

नई दिल्ली 08 जून 2026 : घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है. अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को 942 रुपये चुकाने होंगे. नई कीमतें 7 जून से लागू हो गई हैं. इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे.सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है. इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर 60 रुपये महंगा किया गया था. यानी तीन महीने के भीतर गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 89 रुपये का इजाफा हो चुका है. कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के कारण यह फैसला लिया गया है.

हालिया बढ़ोतरी से पहले सरकारी तेल कंपनियों को घरेलू एलपीजी सिलेंडर बेचने पर प्रति सिलेंडर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था. मार्च में हुई बढ़ोतरी से नुकसान कुछ कम हुआ, लेकिन पूरी भरपाई नहीं हो सकी. इसी वजह से कंपनियों ने एक बार फिर कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है.

एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी हाल के दिनों में बढ़ोतरी हुई है. मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं, जबकि सीएनजी करीब 6 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है. इसके बावजूद तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं और उन्हें लगातार नुकसान झेलना पड़ रहा है. सरकार फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ी कीमतों का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाल रही है.