नई दिल्ली 10 जून 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। 10 जून को उन्होंने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 26 मई 2014 को पहली बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद से अब तक उनका कार्यकाल 4399 दिनों का हो चुका है। इस तरह उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
जवाहरलाल नेहरू 1947 से 1964 तक अलग-अलग कार्यकालों में देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की कुल अवधि 4398 दिन थी। अब नरेंद्र मोदी ने लगातार तीन चुनावों में मिली जीत के बाद इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम बनने का इतिहास रच दिया है।
मोदी ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जीत हासिल कर लगातार तीन बार प्रधानमंत्री पद संभाला है। उनका वर्तमान तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 से शुरू हुआ। यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र में लगातार जनसमर्थन का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।
रिकॉर्ड बनने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है। उन्होंने विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को लोकतंत्र की असली ताकत बताया और संस्कृत श्लोक साझा कर जनता का आभार जताया।
दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की बैठक आयोजित हुई, जिसमें 22 राज्यों के मुख्यमंत्री और शीर्ष नेता शामिल हुए। इस बैठक में विकसित भारत-2047 के रोडमैप, विकास परियोजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा की गई। साथ ही पीएम के रिकॉर्ड पर बधाई प्रस्ताव भी पारित किया गया।
मोदी सरकार के कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए गए, जिनमें डिजिटल इंडिया, GST, नोटबंदी, सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और अनुच्छेद 370 हटाना शामिल हैं। कोरोना काल में बड़े पैमाने पर वैक्सीनेशन अभियान भी चलाया गया।
प्रधानमंत्री मोदी को अब तक 31 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कई देशों की संसद को संबोधित किया और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को मजबूत किया।
