NEET Re-Exam 2026: NTA ने किए कई बड़े बदलाव

नई दिल्ली 12 जून 2026 : NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 21 जून 2026 को होने वाली इस परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई अहम बदलाव किए गए हैं। साथ ही, परीक्षा प्रक्रिया को अधिक छात्र-अनुकूल बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

NTA के अनुसार, इस बार परीक्षा की अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। इस समय में अटेंडेंस, सत्यापन और अन्य जरूरी औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी, ताकि छात्रों को प्रश्न पत्र हल करने के लिए पूरा समय मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की जAल्दबाजी महसूस न हो।

परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किए गए हैं। अब प्रश्न पत्र पुस्तिका में रफ वर्क के लिए चार पेज उपलब्ध कराए जाएंगे, जो पहले केवल दो पेज होते थे। खास बात यह है कि इन चार पेजों में से दो शुरुआत में और दो अंत में दिए जाएंगे। यह बदलाव विशेष रूप से बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं। केंद्र सरकार के निर्देश पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है। गृह मंत्रालय ने CRPF और CISF को प्रश्न पत्र और OMR शीट जैसी संवेदनशील सामग्री के सुरक्षित परिवहन और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पेपर लीक की संभावना को खत्म करने का प्रयास किया गया है।

NTA का कहना है कि परीक्षा के डिज़ाइन में छोटे-छोटे सुधार भी छात्रों के अनुभव को बेहतर बनाते हैं। इसलिए इन बदलावों के माध्यम से परीक्षा को अधिक सहज और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है।

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें। साथ ही, परीक्षा के दौरान नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।NEET Re-Exam 2026: 15 मिनट अतिरिक्त समय, रफ वर्क के लिए ज्यादा जगह; NTA ने किए कई बड़े बदलाव