चिल्फी घाटी में कई किलोमीटर लंबा जाम, मशीन गिरने से घंटों ठप रहा यातायात

कवर्धा 13 जून 2026 : कवर्धा-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा से जुड़े नेशनल हाईवे-30 पर स्थित चिल्फी घाटी एक बार फिर यातायात बाधित होने के कारण चर्चा में है। नागमोड़ी मोड़ के पास एक भारी वाहन से मशीन गिर जाने के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन और यात्री घंटों तक फंसे रहे। यातायात बहाल करने के लिए चिल्फी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

जानकारी के अनुसार चिल्फी घाटी मार्ग में एक भारी वाहन से मशीन सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मार्ग अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पहले से ही संकरे और घुमावदार इस घाटी मार्ग पर अवरोध के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

चिल्फी घाटी का नागमोड़ी मोड़ दुर्घटनाओं और यातायात बाधित होने की घटनाओं के लिए संवेदनशील माना जाता है। यहां अक्सर भारी वाहनों के खराब होने, फंसने या पलटने के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। इस बार भी मशीन गिरने के बाद कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंचकर मार्ग को खाली कराने और यातायात को सुचारू बनाने में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा पहले यात्री बसों और छोटे वाहनों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि सड़क पर भारी जाम और वाहनों की लंबी कतारों के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चिल्फी घाटी मार्ग से यात्रा करने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई यात्री इस मार्ग से गुजरने की योजना बना रहा है, तो वह चिल्फी पुलिस अथवा स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मार्ग की ताजा स्थिति की पुष्टि कर सकता है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।