नई दिल्ली 13 जून 2026 : सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को शनिवार को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए अगला आर्मी चीफ नियुक्त किया है। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 30 जून को पद आर्मी चीफ का पद संभालेंगे, जो जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला आर्मी चीफ नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 30 जून, 2026 से लागू होगा। बकौल रक्षा मंत्रालय, लेफ्टिनेंट जनरल सेठ का कार्यकाल 31 अगस्त, 2028 तक होगा। लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की देश के वरिष्ठ और अनुभवी सैन्य अधिकारियों में गिनती होती है। वह पुणे स्थित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला के छात्र रहे हैं। इसके बाद दिसंबर 1986 में उन्हें भारतीय सेना की आर्मर्ड कॉर्प्स (बख्तरबंद कोर) में कमीशन मिला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। उन्होंने रेगिस्तानी इलाकों में एक बख्तरबंद रेजिमेंट का नेतृत्व किया। विकसित क्षेत्रों में बख्तरबंद ब्रिगेड की कमान भी संभाली। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद-रोधी अभियानों में भी अहम भूमिका निभाते हुए काउंटर-इंसर्जेंसी फोर्स का नेतृत्व किया।
