चार्टर्ड विमान में घूमने वाले कभी रिक्शे के लायक नहीं थे” — बागी सांसदों पर भड़के संजय राउत

नई दिल्ली 17 जून 2026 : महाराष्ट्र में भी बंगाल वाला खेला होने जा रहा है। उद्धव ठाकरे की पार्टी में UBT में आज बड़ी टूट हो सकती है। मुंबई से लेकर दिल्ली तक उद्धव कैंप मे हलचल तेज हो गई है। आज दिल्ली में उद्धव गुट के बागी सांसद एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात करने वाले हैं।

इस बीच, शिवेसना यूबीटी के नेता संजय राउत ने बागी सांसदों पर निशाना साधा है। संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टूटे हुए सांसदों पर तंज कसा है। साथ ही भविष्य के लिए चेतावनी भी दी है।

संजय राउत ने एक्स पर लिखा, ‘नांदेड़ हवाई अड्डे पर एक चार्टर्ड विमान उतरता है। ऑपरेशन टाइगर के नाम पर दो सांसदों को लेकर उड़ जाता है। इनकी हैसियत कभी रिक्शे में घूमने की भी नहीं थी। लेकिन ठाकरे नाम की वजह से इनकी कीमत इतनी बढ़ गई कि अब निजी विमान से घूम रहे हैं। हर बात का हिसाब लिया जाएगा। डरपोक लोमड़ियों को भगा दिया गया। फिर खुद को टागइर क्यों कहते हो?’

इसके साथ ही संजय राउत ने एक्स पर दूसरी पोस्ट पर लिखा, ‘अपना सपना मनी मनी! मिनिमम सपोर्ट प्राइस हर सांसद के लिए 50 करोड़ रुपये तय है। 15 करोड़ तो बस एडवांस है। सच कहूं तो, ये लोग 50,000 रुपये के भी लायक नहीं हैं। उनकी कीमत सिर्फ शिवसेना और TMC ब्रांड लेबल की वजह से बढ़ी है।’

शिवसेना UBT में फूट की अटकलों के बीच पार्टी सांसद संजय राउत ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, ‘मेरे पास जानकारी है कि हर सांसद को 15-15 करोड़ रुपये दिए गए, जिसके बाद वे नांदेड़ और पुणे समेत तीन जगहों से चार्टर फ़्लाइट में सवार हुए। हमने कल होने वाली संसदीय दल की बैठक के लिए व्हिप जारी किया है। अरविंद जी (अरविंद सावंत) ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखा है।’शिवसेना (UBT) में फूट की अटकलों के बीच पार्टी सांसद अरविंद सावंत ने कहा, ‘मैंने संविधान की रक्षा के लिए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखा है। अब तक, पार्टी के किसी भी नेता ने हमें यह नहीं बताया है कि वे पार्टी छोड़ रहे हैं।’

मालूम हो कि शिंदे गुट आज ही उद्धव सेना के खिलाफ ऑपरेशन टाइगर पूरा करने का प्लान बना रहा है। शिंदे से मीटिंग के बाद उद्धव गुट के सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से भी मिलेंगे और उन्हें लेटर सौपेंगे। बताया जा रहा है कि उद्धव कैंप के 9 सांसदों में से 6 सांसद बागी हो चुके हैं और वो शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं।

उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल आष्टीकर, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भानुसाहेब वाकचौरे, संजय जाधव का नाम पक्का माना जा रहा है। इनके साथ-साथ नासिक सीट से सांसद राजाभाउ वाजे का नाम भी शिंदे गुट से जुड़ने वालों की लिस्ट में है।