एयर इंडिया का बड़ा फैसला: इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर फ्यूल सरचार्ज में कटौती

नई दिल्ली 03 जुलाई 2026 : अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है. एयर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगने वाले फ्यूल सरचार्ज में कटौती कर दी है. वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल  की कीमतों में कमी आने के बाद कंपनी ने यह फैसला लिया है. इससे यात्रियों के टिकट का कुल खर्च कम हो सकता है.

एयर इंडिया ने उत्तर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के रूट्स पर फ्यूल सरचार्ज 280 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर कर दिया है. वहीं, यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए यह शुल्क 205 डॉलर से घटाकर 125 डॉलर कर दिया गया है. इससे इन रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल  की कीमतों में गिरावट आई है. इसी वजह से एयर इंडिया ने फ्यूल सरचार्ज कम करने का फैसला किया. हालांकि एयरलाइंस का मानना है कि ईंधन की कीमतें अभी भी पुराने स्तर से ऊपर हैं, इसलिए आगे के फैसले बाजार की स्थिति को देखकर लिए जाएंगे.

एयरलाइंस कंपनियां अब घरेलू उड़ानों से फ्यूल सरचार्ज हटाने पर भी विचार कर रही हैं. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी स्टैप-बाई-स्टैप तरीके से और राहत दी जा सकती है. ध्यान देने वाली बात है कि मार्च में एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर ने बढ़ती ईंधन लागत के कारण फ्यूल सरचार्ज लागू किया था, ताकि बढ़ते खर्च का असर सीधे बेस किराए पर न पड़े.