ब्राजील का वर्ल्ड कप सफर खत्म, नॉर्वे ने किया बड़ा उलटफेर

स्पोर्ट्स 06 जुलाई 2026 : ब्राजील के दिग्गज नेमार ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है. नेमार ने ये फैसला ब्राजील के फीफा विश्व कप 2026 से बाहर होने के तुरंत बाद लिया. ब्राजील राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे के खिलाफ हारकर खिताबी रेस से बाहर हो गया है. नॉर्वे ने ब्राजील को करो या मरो के मैच में 2-1 से हराया. दोनों टीमों के लिए ये एक तरह से प्री क्वार्टर फाइनल मैच था.
34 साल के नेमार लंबे समय से ब्राजील के छठे विश्व कप खिताब की उम्मीदों का बोझ उठा रहे थे. नॉर्वे से मिली हार के बाद नेमार काफी भावुक नजर आए. मैच के बाद नेमार ने कहा, “मैंने कोशिश की, मैंने बहुत कोशिश की. अब यह खत्म हो चुका है. मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं इसे खत्म कर दिया.”
नेमार ने साल 2010 में मेटलाइफ स्टेडियम में अमेरिका (USA) के खिलाफ ब्राजील के लिए अपना सीनियर डेब्यू किया था. अब 16 साल बाद उन्होंने इसी मैदान पर फुटबॉल करियर का अंत किया है. इस तरह नेमार का ब्राजील के लिए विश्व कप का सपना भी टूट गया. नेमार ब्राजील के लिए कुल 129 मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उन्होंने 80 गोल किए.
वैसे तो नेमार का करियर उपलब्धियों से भरा हुआ है, लेकिन उनके नाम विश्व कप की एक भी ट्रॉफी नहीं है. ब्राजील के लिए विश्व कप के अलावा नेमार ने रियो ओलंपिक 2016 में गोल्ड मेडल और 2013 में कन्फेडरेशन कप की जीत में शामिल रहे हैं, लेकिन नेमार के नाम विश्व कप खिताब का न होना देश के फुटबॉल इतिहास में उनकी महानता को लेकर होने वाली बहसों का हिस्सा बना रहेगा.