स्पोर्ट्स 08 जुलाई 2026 : लियोनेल मेस्सी ने एक बार फिर अर्जेंटीना के लिए संकटमोचक की भूमिका निभाई है। उन्होंने मिस्र के खिलाफ 79वें मिनट तक 2 गोल से पिछड़ रही मौजूदा चैम्पियन टीम को जीत के साथ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। निर्धारित समय में 11 मिनट बाकी रहने तक अर्जेंटीना 2 गोल से पिछड़ रहा था और ऐसा लगने लगा था कि कल क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद आज मेस्सी की फुटबॉल के महासमर से विदाई की बेला आ गई है।
हालांकि, इसके बाद अर्जेंटीना ने 3 गोल दागकर जीत दर्ज की और दुनिया भर में उसके करोड़ों फैन्स ने भी राहत की सांस ली । इसमें से बराबरी का गोल 83वें मिनट में मेस्सी ने दागा था, जिनके अब विश्व कप कैरियर में 21 गोल हो गए हैं । अब अर्जेंटीना का सामना शनिवार को कंसास सिटी में स्विटजरलैंड या कोलंबिया से होगा ।
आखिरी सीटी बजने के बाद मेस्सी अपने आंसू नहीं रोक सके। उनहोंने 83वें मिनट में इस विश्व कप में आठवां गोल करके टीम को 2.2 से बराबरी पर पहुंचाया विजयी गोल स्टॉपेज टाइम में एंजो फर्नांडिस ने दागा। वहीं, क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए पहला गोल किया था ।
मिस्र ने यासिर इब्राहिम और मुस्तफा जिको के गोल के दम पर 2.0 से बढत बना ली थी। मेस्सी को पहले हाफ में मौका मिला था, लेकिन उनकी पेनल्टी किक को मिस्र के गोलकीपर मुस्तफा शोबीर ने बचा लिया था। फिर जब स्कोर 1 .0 था, तब उनका शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया। अर्जेंटीना की नजरें लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली ब्राजील (1958 और 1962) के बाद पहली टीम बनने पर है।
बता दें कि लियोनेल मेस्सी ने मिस्र के खिलाफ मंगलवार को इस विश्व कप में अपना आठवां गोल दागकर गोल्डन बूट की दौड़ में आगे निकल गए हैं। इसके साथ ही टूर्नामेंट में लगातार गोल करने का सिलसिला नौ मैचों का कर लिया। विश्व कप के मैचों में लगातार गोल करने का मेस्सी का सिलसिला 2022 से चला आ रहा है । वह लगातार नौ मैचों में 13 गोल कर चुके हैं । गोल्डन बूट की दौड़ में वह फ्रांस के कीलियन एमबाप्पे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड से एक गोल आगे निकल गए हैं।इंग्लैंड के हैरी केन के छह गोल हैं । मेस्सी 2022 विश्व कप में गोल्डन बूट की दौड़ में एमबाप्पे के बाद दूसरे स्थान पर थे। वहीं 2014 में उन्होंने चार गोल करके तीसरा स्थान हासिल किया था।
