दुर्ग 28 जुलाई 2026 : भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के 7 जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के स्थानीय अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, हालांकि इस मामले में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई BSP में सामने आए बड़े चोरी सिंडिकेट से जुड़ी जांच के आधार पर की गई है।
करोड़ों की चोरी मामले में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
बता दें कि भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी का मामला सामने आने के बाद BSP प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए—
- महाप्रबंधक (GM) हिमांशु भूषण मलिक
- इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन
- नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा
को निलंबित किया था।
पुलिस ने GM समेत दो अधिकारियों को किया गिरफ्तार
मामले में दुर्ग पुलिस ने भी तेजी से कार्रवाई करते हुए GM हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
BSP जैसे बड़े औद्योगिक संस्थान में करोड़ों रुपये के सामान की चोरी सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। CISF जवानों पर हुई कार्रवाई को इसी जांच प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर मामले की जांच जारी है। जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
